26 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा “दीपोत्सव 2024”*
*वोकल फॉर लोकल की थीम पर आयोजित किया जाएगा*
झाबुआ 23 अक्टूबर, 2024। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार दीपावली के पूर्व वोकल फॉर लोकल की थीम पर “दीपोत्सव 2024” का आयोजन 26 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक आजीविका भवन कला दीर्घा में किया जा रहा है। दीपोत्सव 2024 का उद्देश्य जिले में राष्ट्रीय आजीविका मिशन की दीदियों, दिव्यागजनों, जिला जेल के कैदियों, बाल संप्रेक्षण गृह के बालकों के स्टॉल लगा कर व्यापार के माध्यम स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और जिले वासियों में स्थानीय रूप से उपलब्ध साधनों का महत्व बताना हैं। साथ ही आयुष विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा विभिन्न सामग्रियों के स्टॉल लगाये जायेंगे।
दीपोत्सव 2024 के विषय में कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि हमारा जिला अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिये जाना जाता है और जब इस विरासत के माध्यम से जिले वासियों को स्थानीय स्तर पर ही मार्केटिंग के नये अवसर उपलब्ध कराना लक्ष्य है। साथ ही युवा वर्ग मे भी स्थानीय स्तर पर जिले की सांस्कृतिक विरासत के महत्त्व को प्रदर्शित किया जाना इस दीपोत्सव का लक्ष्य है।
*दीपोत्सव 2024 में आकर्षण के केन्द्र:-*
दीपोत्सव 2024 में दिव्यांगजनों द्वारा लगाई जाने वाली स्टॉल दाले, मिर्ची पाउडर, विभिन्न प्रकार के मसालें, मोटे अनाज का आटा, तीर कमान, गोफन नाईट लैंप, बांस के आइटम एवं अन्य सामग्री, एनआरएलएम की दीदियों द्वारा निर्मित सामग्री दीपावली पूजन की सामग्री, आदिवासी गुडिया, मिटटी के दीपक, अचार, पापड, दौना पत्तल, मसाले,गलसन मोती माला, बांस टोकरी झाडू निर्माण, दीया बत्ती, बाल संप्रेक्षण गृह के बालकों द्वारा निर्मित दीपावली पर उपयोग में आने वाली सजावटी सामग्री, जिला जेल के कैदियों द्वारा निर्मित सजावटी सामग्री के स्टॉल लगाये जायेंगे। साथ ही उद्यानिकी विभाग के द्वारा पौधो एवं खाद्य प्रसंस्करण के उत्पाद, आयुष विभाग के द्वारा औषधिय पौधे जिसमे सेहजन,पत्थरचट्टा, आंवला, तुलसी एवं जड़ी बूटी और कृषि विभाग के द्वारा मोटा अनाज और दालों के स्टॉल लगाये जायेगे।

